भारतीयों ने दिल खोलकर खरीदा सस्ता सोना, तोड़ डाला 10 साल का रिकॉर्ड

 

भारतीयों ने दिल खोलकर खरीदा सस्ता सोना, तोड़ डाला 10 साल का रिकॉर्ड


भारत ने वर्ष 2021 भारत ने 1,050 टन सोने का आयात कर अपना 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. भारत ने स्‍वर्ण आयात पर कुल 55.7 अरब डॉलर खर्च किए. यह आकंड़ा पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुना है. भारत ने 2020 में 23 अरब डॉलर से कम का सोना आयात किया गया था.

भारत दुनिया में सोने के सबसे बड़े उपभोक्ताओं में से है. 2021 में उसने इस बहुमूल्य धातु के आयात के पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया. इससे पहले 2011 में 53.9 अरब डॉलर का सोना आयात किया गया था. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक सरकारी अधिकारी के हवाले से बताया है कि 2020 में 430 टन सोना आयात हुआ था जबकि 2021 में इसकी मात्रा दोगुनी से भी ज्यादा बढ़कर 1050 टन पर पहुंच गई.

2021 में भारतीयों ने जमकर खरीदा सोना

कोरोना महामारी के कारण 2020 में सोने की घरेलू मांग में भारी कमी आई थी. इसका कारण था कोरोना की पाबंदियों के कारण शादियों का टलना. इस कारण भारत ने 2020 में सोने के आयात पर सिर्फ 22 अरब डॉलर ही खर्च किये. कोलकाता में सोने के थोक विक्रेता हर्षद अजमेरा  ने बताया कि पिछले साल तो मांग जबरदस्त थी क्योंकि कोरोनावारस (covid-19) महामारी के कारण 2020 में शादियां टल गई थीं. मार्च 2020 में भारत ने बेहद सख्त लॉकडाउन (lockdown) लागू कर दिया था. इससे आम जनजीवन को भी पूरी तरह थाम दिया था.

बड़ी संख्या में शादियां टल गईं जो सोने की खरीददारी की भारत में एक बड़ी वजह मानी जाती हैं. इसके अलावा अक्षय तृतीया जैसे त्योहारों पर भी लोग जमकर सोना खरीदते हैं लेकिन लॉकडाउन के कारण यह त्योहार भी बहुत छोटे पैमाने पर मानाया गया और मांग बेहद कम रही. अजमेरा कहते हैं कि ये कारण तो थे ही, इनके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने की कीमत भी कम हुईं जिस कारण 2021 की शुरुआत में लोगों ने काफी खरीददारी की थी.

कीमतों में गिरावट ने भी बढ़ाई मांग

अगस्त 2020 में सोने की कीमत भारतीय बाजार में 56,191 रुपये प्रति दस ग्राम पहुंच गई थी जो एक नया रिकॉर्ड था. लेकिन मार्च 2021 में यह कीमत 43,320 रुपये पर लौट आई. उसी महीने में 177 टन सोना आयात किया गया. पिछले साल दिसंबर में 86 टन सोना आयात किया गया जो 2020 दिसंबर के 84 टन से थोड़ा ज्यादा था.

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (world gold council) के मुताबिक पिछले साल की पहली तिमाही में विश्व बाजार में सोने की मांग बढ़ी थी लेकिन दूसरी और तीसरी तिमाही में इसमें कमी आई. दूसरी तिमाही में मांग 10 प्रतिशत और तीसरी तिमाही में 7 प्रतिशत कम रही. अक्टूबर में जारी आंकड़ों के मुताबिक तीसरी तिमाही में 831 टन सोना खरीदा गया था.


No comments

IF YOU HAVE ANY DOUBTS ,PLEASE LET ME KNOW