DMart Q3 Results: डीमार्ट ने जारी किए तीसरे तिमाही के नतीजे, मुनाफा 23.6% बढ़कर ₹552.53 करोड़ रहा
DMart Q3 Results: डीमार्ट ने जारी किए तीसरे तिमाही के नतीजे, मुनाफा 23.6% बढ़कर ₹552.53 करोड़ रहा
डीमार्ट (DMart) नाम से रिटेल स्टोर चेन चलाने वाली एवेन्यु सुपरमार्ट्स लिमिटेड (Avenue Supermarts Ltd) ने शनिवार को चालू वित्त वर्ष (2021-22) की तीसरी तिमाही के अपने वित्तीय नतीजे घोषित कर दिए. कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 23.6 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई. 31 दिसंबर, 2021 को समाप्त तिमाही के लिए कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 552.53 करोड़ रुपये रहा.
परिचालन आय में 22.22 फीसदी का इजाफा
इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 446.95 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था. बीएसई को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय 22.22 फीसदी बढ़कर 9,217.76 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 7,542 करोड़ रुपये थी.
तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च भी 21.72 फीसदी बढ़कर 8,493.55 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 6,977.88 करोड़ रुपये था. एवेन्यू सुपरमार्ट्स के मुख्य चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर और मैनेजिंग डायरेक्टर नेविल नोरोन्हा ने कहा, ”डी-मार्ट के स्टोरों की आमदनी तिमाही के दौरान 22 फीसदी बढ़ी. हालांकि, सकल मार्जिन में कुछ कमी आई है.
झुनझुनवाला के ‘गुरु’ राधाकिशन दमानी हैं DMart के फाउंडर
गौरतलब है कि देश के चर्चित अरबपति राधाकिशन दमानी (Radhakishan Damani) डीमार्ट के फाउंडर हैं. भारत का वॉरेन बफेट (Warren Buffett) कहे जाने वाले दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला उन्हें अपना गुरु मानते हैं. दमानी देश के सबसे बड़े अमीरों की फोर्ब्स सूची में चौथे स्थान पर हैं. दमानी रिटेल बिजनेस के किंग माने जाते हैं. वह हमेशा सफेद कपड़े पहनते हैं और शेयर बाजार के दिग्गज निवेशकों के बीच ‘मिस्टर व्हाइट एंड व्हाइट’ के नाम से मशहूर हैं.
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1980 के दशक में शेयर बाजार में निवेशक के तौर पर की थी. 20 मार्च 2017 तक राधाकिशन दमानी सिर्फ एक रिटेल कंपनी के मालिक थे, लेकिन 21 मार्च की सुबह जैसे उन्होंने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की घंटी बजाई, वैसे ही उनकी संपत्ति 100 फीसदी तक बढ़ गई. दरअसल, डीमार्ट का शेयर 604.40 रुपये पर लिस्ट हुआ, जबकि इश्यू प्राइस 299 रुपये रखा गया था.
Post a Comment